रसड़ा। शहीद रामानुज के विचार अनुकरणीय हैं। उनके सपने और समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए। इनके अधूरे कार्यों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उक्त उद्गार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं देवरिया सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने प्रधानपुर के समीप बखरियाडीह बांध पर शहीद रामानुज के 38वें शहादत दिवस पर मंगलवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बतौर मुख्य अतिथि कहीं।
उन्होंने कहा कि शहीद रामानुज व्यक्ति नहीं, विचार थे। आज भी गरीबों, मजलूमों, पीड़ितों, शोषितों के दिलों में राज करते हैं। उनके विचारों पर चलकर ही लोकतंत्र को बचाया जा सकता है। इससे पहले शहीद रामानुज के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव, महंत कौशलेंद्र गिरी, सतीश सिंह, संजय यादव, चंद्रमा सिंह, शिवजी तिवारी, जितेंद्र यादव, निर्भय सिंह, पुरुषोत्तम यादव आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की। राम इकबाल सिंह ने कहा कि शहीद रामानुज का बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। समाज के गरीब तबकों के लोगों का उत्थान ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। संचालन कर रहे राधेश्याम यादव ने सबका आभार व्यक्त किया। अध्यक्षता बलवंत सिंह ने की।