बेल्थरारोड। सिकंदरपुर मार्ग पर शनिवार की देर शाम बेल्थरा बाजार और सोनबरसा ग्राम के बीच तीन बाइक पर सवार पांच नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर एक बाइक सवार युवक को जबरन रोक दिया। बदमाशों ने युवक को लाठी डंडे से मारपीट कर घायल करने के बाद बाइक छीनने का प्रयास किया, लेकिन युवक द्वारा शोर मचाने पर बदमाश बाइक से भाग निकले।
बताया जाता है कि उभाव थाना क्षेत्र के धरहरा ग्राम निवासी गोविंद पाठक (25) नगर के एक दवा दुकान के कर्मचारी हैं। शनिवार की देर शाम बाइक से गोविंद सिकंदरपुर मार्ग होकर अपने घर की ओर जा रहे थे कि सोनबरसा ग्राम के पास तीन बाइक पर सवार पांच बदमाश आ धमके और मारपीट के बाद बलपूर्वक बाइक छीनने लगे। यह देख युवक शोर मचाने लगा। शोर सुनकर कुछ लोगों को अपनी ओर आता देख बदमाश भाग निकले। पीड़ित ने घटना की लिखित सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।