बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में शुक्रवार की रात बिना पूछे नाव ले जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद के दौरान एक वृद्ध को लाठी डंडे व ईंट से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक के भतीजे सत्यप्रकाश की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्घ नामजद मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
बता दें कि डुमरी गांव के समीप सुरहा ताल में बृहस्पतिवार को एक युवक दूसरे पक्ष का नाव लेकर पशुओं का चारा काटने के लिए ताल में चला गया। जिसके बाद दोनों पक्षों में कहा सुनी होने के बाद हाथापाई शुरू हो गई। लेकिन आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर मामले को शांत करा दिया। लेकिन शुक्रवार को दोनों पक्ष फिर एक बार आमने सामने हो गए। जिसमें एक पक्ष के तेज बहादुर बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि त्रिपुरारी शंकर घायल हो गया। इलाज के दौरान तेज बहादुर की देर रात मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्य्क्ष अशोक कुमार ने बताया कि मृतक के भतीजे की तहरीर पर मारपीट को लेकर एनसीआर लिखा गया था। मेडिकल रिपोर्ट आने पर गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी नन्द बिंद, मृत्युंजय बिंद एवं धनन्जय बिंद को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।