दीपावली पर्व के लिए झालरों का बाजार सज चुका है। जगमग करती रंगबिरंगी लाइटों की झड़ियां ग्राहकों को लुभा रही हैं। इसके साथ ही मोमबत्ती और दीपकों का बाजार भी गुलजार है। दुकानदार भी पर्व पर अच्छे कारोबार की उम्मीद लगा रहे हैं। दीपावली पर्व को लेकर विद्युत मालाओं के साथ मोमबत्ती और दीपक विक्रेताओं ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
विद्युत झालरों में अभी तक बाजार में चाइनीज मालाओं का ही कब्जा था, लेकिन इस बार देसी मालाएं भी बाजार में आ चुकी हैं। भारतीय निर्माताओं ने कई तरह की वैरायटी बाजार में उतारी है। देश में निर्मित बिजली की झालर जहां 100 रुपये से लेकर 400 रुपये तक की रेंज में बाजार में मौजूद हैं तो वहीं चाइनीज मालाएं 20 रुपये से लेकर 700 रुपये तक की रेंज में बाजार में उपलब्ध हैं। पर्व के नजदीक आ जाने पर कारोबारियों ने मालाओं को अपनी दुकानों पर सजाना शुरू कर दिया है।