बलिया जिले के टकरसन निवासी राजेश सिंह मिन्टू की हत्या का मुख्य आरोपी पचास हजार का इनामी बदमाश मंजीत यादव सोमवार की भोर में जनेश्वर मिश्र सेतु के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने बताया कि कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि 25 जून 2020 को महावीर घाट पर हुई राजेश सिंह मिंटू की हत्या का मुख्य आरोपी मंजीत यादव जनेश्वर मिश्र सेतु पार करके बिहार भागने की फिराक में है।
इस पर पुलिस ने जनेश्वर मिश्र सेतु पार कर चौराहे के पास घेरेबंदी कर दी। कुछ समय बाद एक युवक दुबहर की ओर से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे दबोचने की कोशिश की तो उसने फायर कर दिया। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मंजीत यादव निवासी टकरसन थाना बांसडीहरोड बताया।
उसके खिलाफ शहर कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। 25 जून 2020 को इसने बलिया के महावीर गंगा घाट पर राजेश सिंह उर्फ मिंटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से ही यह फरार था। पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़, परिक्षेत्र ने इसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये इनाम घोषित किया था।