सुखपुरा। शहीद स्मारक के लोकार्पण पर बृहस्पतिवार की रात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में जन चेतना के मशहूर लेखक भिखारी ठाकुर की अमर कृति विदेशिया का मंचन संकल्प संस्था के कलाकारों द्वारा किया गया। नाटक को कलाकारों ने अपने अभिनय से जीवंत बना दिया। विदेशिया नाटक में एक तरफ जहां रोजगार के लिए बड़े शहरों में जाने की होड़ को दिखाया गया, वहीं दूसरी तरफ पति की बेवफाई और समाज की कुरीतियों पर प्रहार किया।
नायक विदेशी गौने के तत्काल बाद रोजगार के लिए कोलकाता जाता है। पत्नी उसे बहुत मनाती है, लेकिन वह उसके साथ छलकर कोलकाता जाकर दूसरी शादी कर लेता है और इधर पति वियोग में पत्नी तड़पती है। एक दिन पत्नी की मुलाकात बटोही से होती है और उससे अपना सारा दु:ख दर्द साझा करती है। विदेशी बने आशीष त्रिवेदी, बटोही आनंद चौहान, सुंदरी सोनी कुमारी, ट्विंकल गुप्ता के अभिनय को दर्शकों ने मुक्त कंठ से सराहा।