राष्ट्रवाद को बढ़ावा देना पदयात्रा का उद्देश्य
बलिया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि भारत सरकार युवाओं में राष्ट्रीयता, अखंडता और राष्ट्रवाद की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से विकसित भारत पदयात्रा का आयोजन कर रही है। बताया कि कार्यक्रम 31 अक्तूबर से 25 नवंबर तक चलेगा। उन्होंने मंगलवार को विकास भवन में प्रेसवार्ता में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। बताया कि जिले में पदयात्रा 15 नवंबर को होगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, जिला युवा अधिकारी कपिल देव आदि रहे।
स्वदेशी अपनाएं : नीरज शेखर
बलिया। राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिए युवाओं को स्वदेशी उत्पादों को अपनाना होगा। कहा कि आजादी से पहले देश ने एकजुट होकर संघर्ष किया था। उसी भावना को फिर से जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। ‘विकसित भारत पदयात्रा’ इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाती है।
होंगे ये कार्यक्रम
डिजिटल चरण के अंतर्गत कई प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसमें सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, सरदार 150 यंग लीडर्स प्रोग्राम के तहत 150 युवा विजेताओं को राष्ट्रीय पदयात्रा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। साथ ही जिला स्तरीय पदयात्राएं 31 अक्तूबर से 25 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। स्कूलों और कॉलेजों में निबंध व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, संगोष्ठियां, नुक्कड़ नाटक, नशामुक्त भारत शपथ और गर्व से स्वदेशी संकल्प जैसे आयोजन होंगे। इसके अलावा योग एवं स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी इस चरण का हिस्सा होंगे। यात्राओं का नेतृत्व राज्य मंत्रियों, सांसदों, स्थानीय प्रशासन, एमवाई भारत और एनसीसी अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।