जनपद के महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित कराने की मांग को लेकर नगर के टीडी कालेज, कुंवर सिंह पीजी तथा सतीशचंद्र कालेज के छात्रों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने जिला प्रशासन और कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही छात्रों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सर्वेश यादव को सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया है कि छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित कराने के लिए छात्र नेताओं द्वारा विगत कई दिनों से आंदोलन करते आ रहे हैं। लेकिन अब तक जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों की मांग को अब तक गंभीरता से नहीं लिया है। कहा कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों के हित में जरूरी है। छात्रसंघ के चलते ही छात्रों को महाविद्यालय से मिलने वाली सुविधाएं आसानी से छात्रों को मिल जाता है। छात्रों ने चेताया कि जब तक हम लोगों के मांगों पर गंभीरता पूर्वक विचार कर जल्द छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित न होने पर हम लोग उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर नितेश यादव पूर्व अध्यक्ष, अमित सिंह महामंत्री, रोशन सिंह, हिमांशु सिंह, अभिनव सिंह ,सूरज यादव, दीपू मिश्रा, अमरेश यादव, आकाश सिंह, तेज प्रताप सिंह, आलोक कुमार आदि शामिल रहे।