जनपद में विधान सभा चुनाव तीन मार्च को होना सुनिश्चित है। इसके तहत पुलिस महकमा अराजक तत्वों पर कार्रवाई, अपराधियों के विरूद्ध अभियान, चुनाव को प्रभावित करने वाले को चिन्हित, अति संवेदनशील एवं संवेदनशील बूथ को चिन्हित लगातार कार्रवाई कर रही है।
चुनाव में मतदाताओं के प्रलोभन में शराब की भी अहम भूमिका होती है। जिसके रोकने के लिए जनपदीय एवं उड़नदस्ता टीम पूरी तरह से सक्रिय हो चुकी है। जिसका नतीजा है कि 22 थाना अंतर्गत जनपद की पुलिस ने 22 फरवरी 2022 तक कुल 235 अवैध असलहा बरामद कर सीज और 235 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जबकि अवैध 33367 लीटर शराब बरामद किया है। इसके अलावा 61999 लोगों पर कार्रवाई की गई। जबकि 49381 लोगों को पाबंद किया गया। इसके साथ ही 110 जी के तहत 1779 के विरूद्घ कार्रवाई की। वहीं 14334700 रुपए समन शुल्क वसूला गया। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए अंतर्राज्यीय 12 तथा अंतरजनपदीय 10 बैरियर लगाकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बार्डर के दोनों तरफ से आने- जाने वालों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इस बाबत एएसपी विजय त्रिपाठी ने बताया कि चुनाव में किसी प्रकार का प्रलोभन व अराजकता नहीं फैलाने दिया जाएगा। हर पहलू पर मातहतों द्वारा पैनी नजर रखी जा रही है।
9702 लाइसेंसी शस्त्र में 8553 पुलिस ने कराया जमा
आगामी विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट है। जनपद के के 22 थाना अंतर्गत कुल 9702 लाइसेंसी असलहा है। इसमें से जनपदीय पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्र से 22 फरवरी तक कुल 8553 असलहा को जमा कर दिया है। जबकि शेष असलहा को अविलंब जमा कराने के लिए संबंधित असलहाधारक को जमा करने के लिए निर्देशित किया है।
पांच पिस्टल संग पांच अभियुक्त गिरफ्तार
31 जनवरी 2022 को दुबहर पुलिस व वाराणसी एसटीएफ ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए जनेश्वर मिश्र सेतु पिकेट के पास से पांच असलहा तस्कर अंशू कुमार उर्फ टिंकू निवासी शंकरपुर थाना बांसडीहरोड, दीपक तिवारी निवासी बहुआरा थाना सहतवार, अभिषेक कुमार राय निवासी देवकली थाना सुखपुरा, अमित सिह निवासी ग्राम भवनटोला सिताब दियर थाना बैरिया वर्तमान पता बेदुआ मोहल्ला थाना कोतवाली तथा योगेश राय निवासी ग्राम देवकली थाना सुखपुरा बलिया को गिरफ्तार किया। वहीं उनके पास से पांच अवैध पिस्टल, 10 मैग्जीन व एक स्कार्पियो को बरामद किया।
शराब बनाने वाली फैक्ट्री का किया था भंडाफोड़
24 जनवरी 2022 को बैरिया पुलिस ने अवैध कच्ची शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस दौरान पुलिस ने ग्राम शोभाछपरा ट्यूबेल के पास दबिश देकर 342 लीटर अवैध देशी शराब बरामद करते हुए अभियुक्त अष्टम सिहं पुत्र स्व धर्मपाल सिंह निवासी शोभाछपरा थाना बैरिया को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था।
पिकअप से पकड़ा 72 पेटी शराब
22 जनवरी 2022 को रेवती पुलिस ने एक पिकअप से 72 पेटी अंग्रेजी शराब एवं एक तमंचा के साथ एक अभियुक्त को पचरूखा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं चालान कर दिया था। पकड़े गए अभियुक्त ने पूछताछ में अपना नाम व पता अमित प्रसाद तिवारी पुत्र विनोद प्रसाद तिवारी निवासी तिवारी टोला थाना रिविलगंज जिला सारण, बिहार बताया।
दो कार से 16 पेटी पकड़ी अंग्रेजी शराब
14 जनवरी को आगामी विधान सभा चुनाव 2022 के मद्देनजर एसओजी व दुबहर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए जनाड़ी तिराहे से ब्यासी पुल जाने वाले मार्ग के पास चेकिंग के दौरान दो कार से 16 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया था। जिसकी कीमत 784480 रुपए बताई जा रही है। वहीं दोनों को वाहनों को सीज कर दिया था।
24 लाख 15790 रुपया एफएसटी टीम ने किया बरामद
17 फरवरी 2022 को आगामी विधान सभा चुनाव के दृष्टिगति विभिन्न स्थानों पर चलाए जा रहे वाहन चेकिंग के दौरान एफएसटी टीम द्वारा 415790 रुपए बरामद कर सीज कर दिया गया। इस दौरान वाहन चेकिंग अभियान के क्रम में रसड़ा कस्बा में रामजी प्रसाद निवासी कुरेजी थाना गड़वार के पास से 252000 बरामद किया। इसी क्रम में थाना सहतवार से 80000 रुपया तथा थाना रेवती से 83790 रुपया बरामद कर सीज कर दिया गया। उधर, 19 फरवरी को आगामी विस चुनाव के दृष्टिगत एफएसटी टीम व नगरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नगरा थाना के मालीपुर चट्टी के पास से आशुतोष कुमार निवासी 3/47 विराम खण्ड गोमती नगर थाना गोमती नगर जनपद लखनऊ के पास से 20 लाख रुपया बरामद किया। पकड़े गए धनराशि ले जाने के संबंध में वैध कागजात मांगे गये तो मौके पर नहीं दिखा सके।