इंदरपुर। नगर पंचायत में 6 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे। शासन की ओर से नगरोदय योजना के अंतर्गत बजट स्वीकृत किया गया है। इसमें कान्हा गोशाला व एमआरएफ सेंटर का निर्माण कार्य शुरू होगा।
सभासदों के दिए प्रस्ताव के अनुमोदन के साथ ही नगरोदय योजना से पंचफेड़वा पोखरी के दक्षिण घाट का सुंदरीकरण 40 लाख, चचयां में व्यायामशाला का निर्माण 40 लाख, नया विवाह घर एक करोड़ 15 लाख, स्टडी केंद्र व लाइब्रेरी पर एक करोड़ 25 लाख, छोटे-छोटे चार पोखरों का सुंदरीकरण 50 लाख से होगा।
वहीं, 50 लाख रुपये से कूड़ा निस्तारण केंद्र तथा बंद पड़े कान्हा गोशाला का निर्माण कार्य एक करोड़ 65 लाख से होगा।
इन सभी कार्यों को टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कराया जाएगा। साथ ही 25 लाख रुपये से टूटी हुई सीसी सड़कों की मरम्मत होगी। साथ ही नगर के सभी मार्गों पर यूरिनल व तीन जगहों पर सामुदायिक शौचालय बनाने की कवायद है।
अधिशासी अधिकारी टीएन मिश्रा ने बताया कि कुछ कार्य निविदा प्रक्रिया में हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष इंदू देवी ने कहा कि नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत बनाया जाएगा, इसके लिए प्रयास जारी है।