फायरिंग और पत्थरबाजी में सात घायल
सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा डुमरिया में जमीन विवाद में गुरुवार सुबह सात बजे दो पक्षों के बीच जमकर्र इंट-पत्थर चले। इस दौरान कई राउंड फायरिंग भी हुई। फायरिंग मेें एक पक्ष के सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। घायलों को पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचाया। गांव में पुलिस भी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
डुमरिया निवासी विश्वकर्मा यादव और रणजीत बहादुर यादव के बीच वर्षों से जमीन विवाद चल रहा था। इसमें कई बार पंचायत भी हो चुकी है। गुरुवार को विश्वकर्मा यादव जमीन पर घर बनवाने के लिए ईंट गिरवा रहा था। तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने छत पर चढ़कर ईट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। दूसरे पक्ष से फायरिंग भी की गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से ईंट पत्थर चलने लगे। घटना में बब्बन यादव (50), राजेश यादव (25) गोली लगने से घायल हो गए।
चाय पीने जा रहे शिवशंकर यादव (56), शैलेश यादव (19) को भी गोली लगी। जबकि संजीत कुमार यादव (17), सुदामा (45) तथा छोटेलाल (38) ईंट- पत्थर लगने से घायल हो गए। गोली चलने तथा ईंट पत्थर चलने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। हर कोई इधर-उधर भागने लगा। इसी बीच किसी ने सहतवार पुलिस को सूचना दी। सहतवार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। खबर लिखे जाने तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस ने दोनों पक्ष के एक-एक लोगों को हिरासत में लिया है।