सिकंदरपुर। मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश व सेटेलाइट से मिले चित्र के आधार पर सिकंदरपुर पुलिस ने लेखपाल बस्ती बुजुर्ग के तहरीर पर बुधवार को पराली जलाए जाने के आरोप में आठ किसानों के ऊपर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय हरित अधिकरण का वाद सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। जिसमें सुप्रीम कोर्ट द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार से पराली जलाए जाने को सख्ती से रोकने का निर्देश दिया था। जिसके क्रम में राज्य सरकार द्वारा सेटेलाइट से भी इसकी निगरानी की जा रही थी, लेकिन उसके बाद भी कुछ किसान पराली जला रहे थे। जिसका फोटो सेटेलाइट द्वारा खींच लिया गया और संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों को भेज दिया गया था।
सेटेलाइट से मिले चित्र की कापी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर अन्नपूर्णा गर्ग को मिली। उन्होंने इसकी जांच बस्ती बुजुर्ग के क्षेत्रीय लेखपाल से कराई मामला सही पाया गया। इसके बाद लेखपाल को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद लेखपाल शशांक कुमार ने बुधवार को बस्ती बुजुर्ग गांव निवासी रवींद्र, अभिनाश पुत्रगण धर्मदेव, मुखलाल, सुखलाल पुत्रगण जतन, विद्यानाथ, परमानंद, मधुकांत, सिद्धनाथ पुत्रगण खुबलाल निवासी बस्ती बुजुर्ग के विरुद्ध तहरीर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 188, 278, 290,291 आईपीसी के तहत मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दिया।