बलिया। विकास खंड मनियर के मानिकपुर गांव में बिना कार्य कराए करोड़ों रुपये विधि विरुद्ध तरीके से भुगतान करा लिया गया। इसकी शिकायत पर जांच हुई तो अधिकारी ने ग्राम प्रधान तथा सेक्रेटरी को दोषी माना। इसके बाद भी उनके खिलाफ कार्रवाई न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी ग्राम प्रधान तथा सेक्रेटरी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो 11 दिसंबर से गांव के लोग कलेक्ट्रेट में आमरण अनशन शुरू करेंगे।
गांव के लोगों की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मनियर विकास खंड के ग्राम पंचायत मानिकपुर के ग्राम प्रधान तथा सचिव ने कुछ अधिकारियों से मिलीभगत कर बिना कार्य कराए ही करोड़ों रुपए डकार लिए। ग्रामीणों द्वारा शिकायत के बाद जिलाधिकारी द्वारा 23 मई व सात सितंबर को त्रिस्तरीय जांच कमेटी गठित की गई। इसके अध्यक्ष उप कृषि निदेशक इंद्राज यादव व सदस्य सहायक अभियंता प्रेम नाथ शर्मा तथा अवर अभियंता शैलेंद्र कुमार बने। टीम 16 नवंबर को जांच करने गांव में पहुंची।
भारी संख्या में पीएसी की मौजूदगी में अधिकारियों ने जांच संपन्न किया। इसके बाद भी अब तक दोषी पाए गए आरोपियों खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने कहा कि अब भी यदि कार्रवाई नहीं हुई तो हम 11 दिसंबर से कलेक्ट्रेट परिसर में आमरण अनशन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। इस मौके पर सुरेश चंद्र सिंह, अमरीश चौहान, शुभ नारायण सिंह, विनय कुमार सिंह, राजेश सिंह, संजय सिंह, परमात्मा चौहान, अवधेश वर्मा, उमेश यादव, अमित कुमार वर्मा, भीम शंकर यादव आदि मौजूद रहे।