सावन माह के प्रथम दिन नगर के बाबा बालेश्वर मंदिर में पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़। संवाद
- फोटो : BALLIA
बलिया। सावन माह के पहले दिन रविवार को बाबा भोलेनाथ के भक्तों ने बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूध, गंगाजल आदि चढ़ाकर परिवार के मंगलमय की कामना की। इस दौरान शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में शिवालयों में भक्तों ने पूजन-अर्चन करने के साथ ही अपने-अपने घरों पर दूध, गंगाजल और रस से रुद्राभिषेक किया। घंट-घड़ियाल बजाकर हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। इससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार कोरोना के चलते सावन के प्रत्येक सोमवार को शिवालय बंद रहेंगे।
बता दें कि नगर के बालेश्वर मंदिर, गोलारोड स्थित कैलाश धाम मंदिर, मिड्ढी स्थित शिव मंदिर पर बाबा के भक्तों ने पूजन-अर्चन कर परिवार के सुख समृद्घि की कामना की। उधर, नगर से सटे देवकली गांव स्थित देवकलेश्वर मंदिर, नगरी स्थित नटकेश्वर मंदिर, मिड्ढा के बाजार और गोरथाना के पोखरा स्थित शिव मंदिर, निधरिया स्थित पंच मंदिर, हनुमानगंज स्थित कपलेश्वर मंदिर पर शिवभक्तों ने पूजन-अर्चन किया। ग्रामीण क्षेत्र के दिउली स्थितबाबा बालखंडी नाथ, छितौनी स्थित बाबा छितेश्वरनाथ, सहतवार कस्बा स्थित पंच मंदिर, असेगा स्थित शोकहरण नाथ, कारो स्थित कामेश्वरनाथ, कोटवा स्थयित बाबा मुक्तिनाथ, रसड़ा स्थित श्रीनाथ और लखनेश्वर डीह शिवालय बंद रहे। बाबा के भक्तों न बाहर ने ही पूजन-अर्चन किया। वहीं, बड़सरी स्थित अवनीनाथ, भड़सर स्थित दु:खहरण नाथ, ब्यासी स्थित हरिहरनाथ, नगवां स्थित नागेश्वरनाथ, इब्राहिमपट्टी स्थित अवभूतेश्वर नाथ, बांसडीह कस्बा स्थित भुटेश्वर और रघुवेश्वरनाथ, थम्हनपुरा स्थित बाबा धर्मेश्वर नाथ मंदिर पर भक्तों ने जलाभिषेक किया।