बलिया। समाचार पत्र वितरक सहित 156 तरह के श्रमिक श्रम मंत्रालय के ई श्रम पोर्टल पर पंजीयन कराकर दो लाख रुपये के बीमा सहित सरकार की दर्जनों योजनाओं के पात्र बन सकते हैं।
सरकार की ई-श्रम कार्ड योजना के तहत समाचार पत्र वितरक रेहड़ी पटरी, घरेलू कामगारों, कृषि मजदूरों, मछुआरा ट्रक चालक, निर्माण श्रमिक, प्रवासी श्रमिक, कुली आदि का पंजीकरण होना है। पंजीयन के बाद श्रमिक सामाजिक सुरक्षा के साथ ही सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाने के पात्र बन जाएंगे। इस योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के ऐसे श्रमिक जिनका पीएफ न कटता हो। उन्हें ईएसआई का लाभ नहीं मिलता हो। जिनकी उम्र 16 साल से 59 साल के बीच हो और वह इनकम टैक्स नहीं भरते हों। वह ई श्रम पोर्टल पर पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) जाना होगा। पंजीकरण नि:शुल्क है।
पंजीकरण के लिए ये हैं पात्र
ई-श्रम पोर्टल पर 156 प्रकार के कार्य करने वाले अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इनमें समाचार पत्र वितरक, सब्जी उत्पादक, पशुपालक, कुक्कुट पालक, मधुमक्खी पालक, खेतिहर मजदूर, वानिकी श्रमिक, मत्स्य पालक, टेलर, सिलाई कारीगर, परिवहन कंडक्टर, ड्राइविंग प्रशिक्षक, मोटर वाहन मैकेनिक, वाहन क्लीनर, रिक्शा चालक, मालिश करने वाला, नाई, आभूषण कारीगर, निर्माण श्रमिक, बढ़ई, प्लंबर, घरेलू रसोइया, घरेलू सफाई कर्मी, डेयरी उत्पाद निर्माता, आंगनबाड़ी, आशा, जूता बनाने वाले आदि शामिल हैं।
ये दस्तावेज जरूरी
आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर, आईएफएससी कोड के साथ बचत बैंक खाता संख्या
असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीयन ई श्रम पोर्टल पर अधिक से अधिक हो इसके लिए शिविर लगाकर पंजीकरण कराए जा रहे हैं। पंजीयन के बाद श्रमिक सरकार की दर्जनों के योजनाओं के पात्र बन जाएंगे।
- गणेश सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, बलिया।