बलिया। नगर में दो-चार दिन से रुकी बारिश से लोगों ने थोड़ी राहत ली थी कि सोमवार की दोपहर अचानक तेज हवा के साथ आई बारिश के कारण एक बार फिर एसपी कार्यालय, जिला कारागार, पुलिस लाइन, पीडब्लूडी डाकबंगला, जापलिनगंज पुलिस चौकी, एससी कालेज चौराहा, आवास विकास कॉलोनी, कल्पना कॉलोनी, श्रीराम विहार कॉलोनी, काजीपुरा सहित दर्जन भर कालोनियों में जलजमाव हो गया है। कॉलोनियों के लोगों को एक फिर जलालत झेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बरसात व नाले के गंदे पानी के कारण लोगों की जिंदगी नारकीय हो गई है। एससी चौराहे की हालात यह है कि सड़क से गुजर रहे बाइक सवार गिरकर चुटहिल हो जा रहे है। सोमवार की शाम भी एससी कालेज चौराहे के पास लगे बरसात के पानी में जापलिनगंज दुर्गा मंदिर के पास सड़क पर गड्ढा होने के कारण एक ई-रिक्शा उलटने से बच गया। जिसे सवार लोगों ने पानी उतरकर उसे बाहर निकाला। आलम यह है कि मालगोदाम स्थित दुर्गा मंदिर से लेकर एससी चौराहे तक पानी घुटने भर पानी लगा हुआ। वहीं सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए है। जिसमें कई वाहन स्वामी गिरकर चुटहिल हो जा रहे हैं। नगर के लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए नगर पालिका व संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है, ताकि बरसात के पानी से राहत मिल सके।