बलिया। प्रीपेड मोबाइल सिम कार्ड की तरह अब बिजली मीटर को एडवांस में रिचार्ज कराने के बाद ही उपभोक्ता के घरों में बत्ती जलेगी और बिजली का लाभ ले सकेंगे। घाटे में चल रहे बिजली विभाग को उबारने के लिए केंद्र सरकार ने प्रीपेड मीटर लगाने का निर्देश जारी कर दिया है। इसके तहत जनपद में प्रीपेड मीटर लगाने के लिए बिजली विभाग सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है। प्रीपेड मीटर सबसे पहले शहर (नगरपालिका), नगर पंचायत क्षेत्र में लगाया जाएगा। इसके बाद गांव और मजरों आदि में लगाया जाएगा। उम्मीद है कि वर्ष 2022 में जनवरी तक प्रीपेड मीटर जनपद में आरंभ हो जाएगा।
प्रीपेड मीटर में एडवांस पैसा जमा करना होगा। इसके बाद बिजली चलेगी। जिस दिन पैसा समाप्त हो जाएगा, उस दिन बिजली ऑटो कट हो जाएगी। इसके तहत नगर पालिका, नगर पंचायत, गांव और मजरों में नंगे तार बदले जाएंगे और प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। नवंबर तक टेंडर फाइनल हो जाएंगे। योजना के तहत स्पेशन केबल लगाए जाएंगे, ताकि उपभोक्ता बाजार से न खरीद सकें। उस पर कोडिंग सिस्टम रहेगा। इससे चोरी करने वाला उपभोक्ता पकड़ लिया जाएगा। इस बाबत मीटर सहायक अभियंता विपिन बिहारी राय ने बताया कि जिले में प्रीपेड मीटर लगाने के लिए निर्देश आ गया है। इसे लगाने के लिए टेंडरिंग की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि नवंबर तक टेंडर हो जाएगा।