बेल्थरारोड। कोरोना काल से बंद चल रही वाराणसी-भटनी पैसेंजर ट्रेन का संचालन बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। इससे छोटे-छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले लोगों में खुशी की लहर है।
पूर्वाह्न 11 बजे ट्रेन के यहां आने पर कस्बा में छोटे स्टेशनों से आने वाले सैकड़ों ग्रामीण जनता की भीड़ जुट गई। इससे दुकानदारों के चेहरे खिल गए और लोगों ने बाजार में रोजमर्रा की चीजों की जमकर खरीदारी की। इससे नगर में रौनक रही। बाजार में चहल-पहल बढ़ गई। मंडल रेल उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य देवेंद्र कुमार गुप्त ने बताया कि आगामी कुछ दिनों के अंदर कोरोनाकाल से बंद चल रही सभी पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए शीर्ष रेल प्रबंधन ने तैयारी शुरू कर दी है।