बलिया। सरकारी संस्थानों के बाद अब विद्युत विभाग की नजर निजी क्षेत्र के बड़े बकायेदारों पर है। विभाग ने इन बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम ने रसड़ा क्षेत्र के कई बकायेदारों की बिजली काटी। इसके अलावा कई कनेक्शन पंजीकृत नहीं मिले।
जिले में विद्युत आपूर्ति के सापेक्ष वसूली को लेकर विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। दो दिनों पहले विभाग ने सरकारी संस्थानों के बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 516 विभाग व संस्थानों की बिजली काट दी। उधर, बुधवार को विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता की अगुवाई में अधिकारियों की टीम ने रसड़ा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान कार्रवाई की गई। बताया जाता है कि बुधवार को अधीक्षण अभियंता ने रसड़ा क्षेत्र के बैजलपुर गांव का निरीक्षण किया। यहां 24 उपभोक्ता के पुराने कनेक्शन ऑनलाइन पंजीकृत नहीं पाए गए और 28 पंजीकृत मिले। लेकिन किसी का भी बिल जमा नहीं था न ही कोई मीटर रीडर क्षेत्र में रीडिंग का कार्य कर रहा था।
एसई ने बिलिंग एजेंसी को शत प्रतिशत रीडिंग करने के साथ ही सभी उपभोक्ताओं का ऑनलाइन पंजीकरण कर बिल निर्गत करने को कहा। इसके अलावा सात बड़े बकायेदार का विद्युत कनेक्शन काटा गया। इस बाबत विद्युत विभाग के एसई आरके जैन ने बताया कि बकायेदारों से वसूली को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। रसड़ा क्षेत्र के बड़े बकायेदारों की बिजली काटी गई है।