आबकारी विभाग द्वारा जिले में संचालित किए जाने वाले सभी 45 बीयर की दुकानों पर प्वाइंट आफ सेल (पीओएस) मशीन लगेगी। इसके लग जाने से बीयर की दुकानों पर किसी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने में काफी मदद मिलेगी। अभी तक विभाग द्वारा जो व्यवस्था बनाई गई है उसके मुताबिक सभी बीयर की दुकानों के लाइसेंसधारक द्वारा तय सीमा के तहत उठान करना होता है। ऐसे में यदि किसी लाइसेंसधारक के पास अधिक बीयर है तथा किसी के पास समाप्त हो गया है तो वे व्यावहारिक रूप से आपस में भी लेन-देन कर काम चला लेते हैं। विभाग ने अब इस प्रकार की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण लगाने को लेकर सभी बीयर की दुकानों पर पीओएस मशीन लगाने की व्यवस्था बनाई है।
मशीन के लगने से अब बीयर के केन को कोई भी लाइसेंसधारी दूसरे को नहीं दे सकेगा तथा उसे अपने बीयर को स्वयं ही बेचना होगा। विभागीय जिम्मेदार भी जांच के दौरान यह सुनिश्चित करेंगे कि जो बीयर दुकान पर बेची जा रही है वह वास्तविक रूप से उन्हीं की दुकान की है। यदि दूसरी दुकान की बीयर कहीं दूसरी जगह बिकेगी तो मामला पकड़ में आ जाएगा।
जिले में संचालित बीयर की सभी 45 दुकानों पर शीघ्र ही पीओएस मशीन जल्द ही लग जाएगी। इसके लिए विभाग कार्रवाई कर रहा है। पीओएस मशीन लगने से दुकानों में होने वाली धांधली पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।
- अनुपम राजन, जिला आबकारी अधिकारी, बलिया।