नगर के वार्ड नं एक निवासी शाहिद हुसेन उर्फ कमांडू (27) की मौत मंगलवार की रात सड़क दुर्घटना में हो गई। युवक बलिया अस्पताल में हुए अपने नवजात पुत्र को देखने परिवार के एक सदस्य सैफ को बाइक पर पीछे बैठा कर रात 10 बजे रेवती से बलिया जा रहा था। बांसडीह रोड थाना के समीप ट्रक से हुई टक्कर में युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। पीछे बैठे युवक ने घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।