बलिया। संसदीय कार्य राज्यमंत्री आनंद शुक्ला ने गुरुवार को हनुमानगंज में 33/11 विद्युत उपकेंद्र हनुमानगंज का लोकार्पण किया। इससे जुड़े तीन फीडरों के 15 गांवों को लो-वोल्टेज व फाल्ट की समस्या से निजात मिलेगी।
शुक्ला ने कहा कि जब से योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनी है, तब से बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने का लगातार प्रयास किया गया। इसकी जिम्मेदारी ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने स्वयं अपने कंधों पर ली। उन्होंने व्यक्तिगत प्रयास कर प्रदेश के उन सभी मजरों में बिजली पहुंचाई, जहां लोगों के यहां कभी बल्ब नहीं जले थे। कनेक्शन लेने में लोगों को महीनों भागदौड़ करनी पड़ रही थी। एक ऑनलाइन शिकायत पर जला ट्रांसफॉर्मर दो दिन के अंदर बदलने से लेकर तमाम सुविधाएं मुहैया कराई गईं। इस मौके पर अधिशासी अभियंता चंद्रेश उपाध्याय, जिला पंचायत सदस्य शिवदयाल चौधरी, विमलेश सिंह, अवनीश राय ‘छोटू’, डॉ. हरेंद्र राजभर, डॉ. स्वामीनाथ साहनी, प्रधान पिंटू सिंह आदि रहे। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष दुर्गेश राय और संचालन नवीन सिंह ने किया।