जयप्रकाश नगर। बाढ़ को लेकर संजीदा मुख्यमंत्री स्वयं जनपदों का दौराकर राहत और बचाव कार्य की समीक्षा कर रहे हैं। वहीं, प्राकृतिक आपदा में मुरली छपरा ब्लॉक प्रशासन नींद में काम कर रहा है। दो वर्ष पहले ब्लॉक के स्थानांतरित हो चुके सचिव की ड्यूटी बाढ़ चौकी पर लगा दी गई है। यही नहीं, उसे रोजाना अनुपस्थित भी दिखाया जा रहा है। एसडीएम ने मामले जांच कराने और लापरवाहों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
ब्लॉक मुरली छपरा क्षेत्र के चांद दीयर पंचायत सरयू नदी के बाढ़ से प्रभावित है। विभाग ने चांद दीयर पंचायत के बकुल्हा गांव स्थित रेलवे स्टेशन बकुल्हा के समीप एक चौकी स्थापित की है। चौकी पर एक ग्राम पंचायत अधिकारी प्रमोद कुमार प्रसाद की ड्यूटी भी लगाई गई। यह वर्ष 2019 से ही यहां से रेवती ब्लॉक में स्थानांतरित हो चुके हैं और वहां ड्यूटी भी कर रहे हैं। उनकी यहां बाढ़ चौकी पर ड्यूटी लगाकर प्रतिदिन उन्हें रजिस्टर में अनुपस्थित भी दिखाया जा रहा है। ड्यूटी रजिस्टर में लगातार अनुपस्थित होने पर उन्हें फोन किया गया तो उन्होंने बताया कि मेरा स्थानांतरण वर्ष 2019 में ही रेवती ब्लॉक में हो गया है। यहां मैं अपनी ड्यूटी कर रहा हूं। इस संबंध में एसडीएम अभय कुमार सिंह ने कहा कि संबंधित अधिकारी से जानकारी करूंगा। जिसकी भी लापरवाही पाई जाएगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।