मतगणना और स्ट्रांग रूम के लिए मंडी परिसर का निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्दे?
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को मतगणना की तैयारी के दृष्टिगत मंडी समिति का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य राजस्व अधिकारी को वहां की व्यवस्था के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मंडी सचिव अजय प्रताप सिंह को निर्देश दिया कि तत्काल मंडी को खाली कराया जाए, ताकि मरम्मत और साफ सफाई हो सके। साफ-सफाई ठीक नहीं होने पर मंडी सचिव को फटकार भी लगाई।
जिलाधिकारी ने कहा कि मंडी समिति में सड़क, शेड, फर्श आदि जहां आवश्यकता है, उसकी मरम्मत तत्काल कराई जानी आवश्यक है। इसलिए मंडी को जल्द खाली करवाकर मरम्मत के लिए जरूरी कार्यवाही की जाए। उन्होंने सभी सात विधानसभा की मतगणना के लिए अलग-अलग शेड में गए और उसमें की जाने वाली व्यवस्था के संबंध में सीआरओ विवेक श्रीवास्तव व मंडी सचिव को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि मतगणना के मानक के अनुसार आरओ, एआरओ व मतगणना कर्मियों को बैठने के लिए व्यवस्था करा लें। उन्होंने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जो कार्य कहा जाए, उसे तत्काल करके अवगत करा दें। अगर कहीं भी कोई दिक्कत हो तो बताएं, ताकि उसे दूर कर हर कार्य को समय से कराया जा सके। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर सर्वेश यादव, जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन आदि साथ थे।