बलिया। आगामी विधान सभा चुनाव 2022 को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने के लिए बृहस्पतिवार को अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी की देखरेख में पैरामिलिट्री द्वारा नगर के विभिन्न मार्गों पर रूट मार्च किया गया। इस दौरान लोगों केे अनाउंस कर निर्भीक व निडर होकर मतदान करने की अपील की जा रही थी।
रूट मार्च सतनी सराय चौकी से निकलकर भृगु आश्रम, जापलिनगंज, चंद्रशेखर आजाद चौराहा, तहसीली स्कूल, हनुमानगढ़ी रोड, विजय सिनेमा रोड, शहीद चौक, कासिम बाजार रोड, पानी टंकी चौराहा, विशुनीपुर चौराहा, चित्तू पांडेय चौराहा, बहेरी, चंद्रशेखर नगर होते हुए ओक्डेनगंज चौकी पर जाकर समाप्त हो गया। इस दौरान अनाउंस कर लोगों को निर्भीक व निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई। एएसपी ने कहा कि किसी तरह की कोई भी व्यक्ति धमकी देता है तो तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर जानकारी दें। आदर्श आचार संहिता लगने के बाद सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध वाहनों को चेक करने तथा आने जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने के लिए निर्देशित किया गया है। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर भूषण वर्मा, सीओ यातायात शिव प्रसाद कुशवाहा, कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा, सतनी सराय चौकी इंचार्ज मंतोष सिंह, यातायात प्रभारी विश्वजीत सिंह एवं डिप्टी कमाडेंट एसएसबी अविनिश कुमार आदि मौजूद रहे।
बैरिया में क्षेत्राधिकारी बैरिया अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में बैरिया पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने बैरिया, रानीगंज व सुरेमनपुर के मधुबनी बाजारों में रूट मार्च किया। बृहस्पतिवार को बैरिया के देवराज ब्रह्म मोड़ से बैरिया बाजार होते हुए रानीगंज बाजार तक रूट मार्च किया गया। इसमें क्षेत्राधिकारी के अलावा एसएचओ शिवशंकर सिंह,चौकी इंचार्ज अखिलेश्वर नारायण सिंह,एसएसबी के इंस्पेक्टर संदीप समझदार, उपनिरीक्षक हिमाकत नरायन पटवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के जवान शामिल थे।
शिकायत हो तो पुलिस से करें संपर्क
नरहीं। फेफना विधानसभा चुनाव में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पुलिस ने भी अभी से कमर कसना शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय नरहीं पर सीओ सदर जगवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में गणमान्य लोगों की बैठक हुई। इसमें विधानसभा चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कैसे संपन्न हो इस पर विचार विमर्श किया गया। लोगों ने बताया कि नरहीं में मतदान हमेशा शांति पूर्वक ढंग से होता आया है। सीओ सदर ने बताया कि कहीं किसी को कोई शिकायत हो तो तुरंत सीओजी नंबर पर कॉल करें पुलिस भी निष्कर्ष चुनाव कराने के लिए कटिबद्ध है। इस मौके पर एस आई उमापति गिरी, रविकांत उपाध्याय, शशिकांत राय, अवधेश कुमार, कमलेश राय, धर्म राज राम,मिन्टू राय, रामनारायण पासवान, रणजीत बहादुर आदि लोग उपस्थित रहे।