समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत शनिवार को जिले में पहली बार आए पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का हर वर्ग अखिलेश यादव की तरफ देख रहा है। प्रदेश का विकास सिर्फ अखिलेश यादव ही कर सकते हैं, तानाशाह सरकार से सिर्फ समाजवादी पार्टी ही लड़ रही है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
पूर्व मंत्री सड़क मार्ग से लखनऊ से कोटवा नारायणपुर पहुंचे और मुक्ति नाथ बाबा का दर्शन किया। वहां से काफिला भरौली गोलंबर, नरही, चितबड़ागांव, फेफना होते हुए बलिया पहुंचा, जहां जिला पंचायत परिसर कार्यालय में स्वागत सभा हुई। इसमें प्रदेश विधान सभा में विपक्ष के नेता रामगोविंद चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार जनाकांक्षाओं पर पूरी तरह से फेल हो चुकी है।
इसके पूर्व जिला पंचायत सदस्यों की तरफ से अध्यक्ष आनंद चौधरी के नेतृत्व में 51 किलो का माला पहना कर स्वागत किया गया। इसके पूर्व राजनारायण यादव एवं विनायक मौर्या का भी समाजवादी पार्टी में सम्मलित होने पर स्वागत किया गया। उधर, पूर्व मंत्री का काफिला नगर में आने से पूर्व ही सपा कार्यकर्ताओं का एक दस्ता शहर के चित्तू पांडेय चौराहे पर पहुंच कर गुजरने वाले वाहनों को किनारे कर सड़क खाली कराने लगे।