फेफना। जिले में कारोबार को अब गति देने की तैयारी है। रेलवे ने फेफना में नया मालगोदाम बनाया है, स्टेशन अधीक्षक योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि 29 अगस्त की रात को ही पहली खेप आ गई थी और इसे चालू भी कर दिया गया है। हालांकि अनौपचारिक रूप से कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। यहां पर 108 हैवी माल वाहन खड़े हो सकते हैं।
अभी तक जिले में कोयला, स्टोन चिप्स आदि रेलवे रूट से नहीं आ पाती थी। ट्रकों से आसपास के जिलों में स्थित दूसरे माल गोदामों के जरिये जनपद में पहुंचती थी। वे पुराने माल गोदाम में इसलिए नहीं उतर पाते थे क्योंकि इन वाहनों से शहर की ट्रैफिक समस्या अव्यवस्थित हो जाती थी। उधर, शहर में स्थापित पुराने माल गोदाम को बंद करने से जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई शुरू हो चुकी है। जिले में अभी कोयला, स्टोन चिप्स का मासिक कारोबार दस करोड़ से अधिक है।
15 सितंबर तक बंद हो जाएगा पुराना मालगोदाम
बलिया। 15 सितंबर तक हर हाल में पुराना रेलवे मालगोदाम को बंद कर दिया जाएगा। इससे शहर को जाम से मुक्त कराने की राह आसान हो जाएगी। वही नो इंट्री की अवधि में अब ट्रकों का आवागमन नहीं होगा। फेफना जंक्शन पर दो करोड़ की लागत से नया मालगोदाम बनाया गया है। जहां मालगाड़ी का ठहराव होने लगा है।