कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 49 लाख की घोखाधड़ी में छह नामजद और दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को शहर पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। भूमि की खरीद-फरोख्त ने नाम पर इतनी बड़ी ठगी जनपद में चर्चा का विषय बना है।
कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि पीड़ित दिवेश कुमार सिंह निवासी परिखरा थाना बांसडीह रोड में तहरीर में आरोप लगाया है कि 25 फरवरी 2021 को उसके परिचित सुनील सिंह निवासी तीखममपुर थाना कोतवाली, कमलेश सिंह व हैप्पी सिंह निवासी टकरसन थाना बांसडीहरोड कार्यालय उप निबंधक के पास आए। कहा कि राम नारायण सिंह कमलेश सिंह के पट्टीदार हैं। वह अपनी मौजा टकरसन स्थित जमीन को बेचना चाहते हैं, उन्हें रुपयों की सख्त जरूरत है। बातचीत करने के बाद दिवेश ने अपने मित्र जयशंकर सिंह तीखमपुर थाना कोतवाली, अमित कुमार निवासी राजेंद्र नगर थाना कोतवाली, अंजनी कुमार निवासी गोठवली को बुलाया और जमीन के बारे में बातचीत की। इसके बाद उन लोगों ने जमीन लेने पर सहमति जाहिर की। उक्त जमीन 49 लाख रुपये में तय की गई। पैसा कम होने के कारण सुनील कुमार सिंह व कमलेश कुमार सिंह ने विक्रेता राम नारायण सिंह का खाता नंबर 320 310101 7154 (केनरा बैंक शाखा बलिया) दिया। कहा कि यह पैसे इस खाते में व्यवस्था करके डाल दीजिएगा। एक मार्च 2021 से लेकर आठ जून 2021 तक तय रकम उक्त खाते में जमा कर दी गई। 8 जून 2021 को ही उप निबंधक बलिया के कार्यालय में विक्रय पत्र राम रानायण सिंह द्वारा पंजीकृत कराया गया। इसमें दिवेश, जयशंकर सिंह, अमित कुमार, राजकुमारी देवी पत्नी तारा चंद प्रसाद, अंजनी कुमार चौबे का नाम दर्ज किया गया। 30 सितंबर 2021 को राम नारायण सिंह के पौत्र सूर्यमणि सिंह दिवेश के घर आए। कहा कि बाबा ने उक्त जमीन नहीं लिखी है। आप लोगों का नाम कैसे चढ़ गया है। दिवेश ने मूल दस्तावेज दिखाए। उन्होंने बताया कि दस्तावेज पर जो हस्ताक्षर व फोटो है वह बाबा राम नारायण सिंह के नहीं हैं। गवाह के रूप में इंद्रमणि सिंह के हस्ताक्षर व फोटो भी नकली हैं। इसके बाद कमलेश सिंह, सुनील सिंह की तलाश की, लेकिन वह लोग नहीं मिले। केनरा बैंक पहुंचा, जहां पता चला कि विक्रेता राम नारायण सिंह के नाम से जो खाता खुलवाया गया है उक्त खाते में भेजे गए सभी रकम निकाल ली गई है। आरोप लगाया कि इस मामले में कमलेश सिंह, हैप्पी सिंह व सुनील सिंह ने बैंक के कर्मचारी व अधिकारियों से मिलीभगत कर फर्जी तरीके से जमीन बेची और 49 लाख रुपया लेकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने शहर कोतवाली क्षेत्र के तीखमपुर निवासी सुनील सिंह, थाना बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के टकरसन निवासी कमलेश सिंह, हैप्पी सिंह तथा दुबहर थाना क्षेत्र के धरनीपुर निवासी सच्चिदानंद सिंह, शहर कोतवाली क्षेत्र के तीखमपुर निवासी जोगिंद्र यादव, राघव सिंह निवासी धरनीपुर थाना दुबहर के विरूद्घ नामजद तथा दो अज्ञात के विरूद्घ मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस बाबत कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।