रेवती। कस्बा स्थित बस स्टैंड के हनुमान मंदिर पर बुधवार को उत्तर प्रदेश किसान सभा व खेत मजदूर यूनियन के लोगों की किसान-मजदूर पंचायत हुई।
पंचायत को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण पांडेय ने कहा कि मोदी-योगी की सरकार कोरोना महामारी के नाम पर पेट्रोल, डीजल, रेल भाड़ा, रसोई गैस, सरसों, रिफाइंड तेलों, खाद्य सामग्रियों सहित अन्य वस्तुओं के मूल्यों में बेतहाशा वृद्धि कर जनता की कमर तोड़ दिया है। कहा कि किसान विरोधी काला कानून पास कर किसानों को आंदोलन के लिए सरकार ने बाध्य किया है। सरकार एमएसपी को समाप्त करने की फिराक में है। जनपद के किसानों की फसल बाढ़ तथा बरसात के कारण बर्बाद हो गई है। किसानों को कोई मुआवजा नहीं मिला। कहा कि ऐसे में संयुक्त किसान मोर्चा ने 27 सितंबर को जन आंदोलन के तहत भारत बंद करेगी। इसके पूर्व सरकार की गलत नीतियों के विरोध में जुलूस निकला गया, जो थाना, बाजार आदि स्थानों से होते हुए विभिन्न नारों के बीच पुन: बस स्टैंड पर आकर समाप्त हुआ। पंचायत को राम राज वर्मा, रमाशंकर वर्मा, जीउत यादव, राजा पासवान, सरगुन राम, कन्हैया पांडेय, बलेशर शर्मा, रामनिधि प्रजापति, रामजी यादव, रामेश्वर राजभर, मन्नू राजभर, बंशीधर पासवान आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता राजनारायण एवं संचालन ओम प्रकाश उर्फ मुन्नू कुंवर ने किया।
बंदी सफल करने को हुई बैठक
रतसर। संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा घोषित 27 सितंबर को भारत बंद की सफलता के लिए मोर्चा की क्षेत्रीय इकाई द्वारा बुधवार को कस्बा के बाजार में हैंडबिल बांटकर व्यापारियों सहित आमजन से बंदी की सफलता के लिए सहयोग मांगा गया और किसान विरोधी तीन कृषि कानूनों के विरुद्ध समर्थन की मांग की गई। इसके पूर्व मोर्चा के सदस्यों की बैठक बलवंत यादव की अध्यक्षता में कस्बा क्षेत्र के बीका भगत शिवमंदर परिसर में हुई जिसमें बंदी को शांतिपूर्वक ढंग से सफल बनाने के लिए रणनीति तय की गई। बैठक में छोटेलाल यादव, देवेंद्र यादव, मुनीब, राजकुमार, संजय सिंह आदि रहे। संचालन लालू तिवारी ने किया।