घोघा/बांसडीह। बांसडीह कस्बा स्थित शिवरात्रि पोखरा शिव मंदिर पर मंगलवार की शाम खेलते समय तीन वर्षीय बालक का पैर फिसल जाने से वह तालाब में जा गिरा। तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
बांसडीह कस्बा निवासी तीन वर्षीय बालक श्लोक अपनी बड़ी दो बहनें तृषा, तृप्ति एवं पिता उमेश मिश्रा के साथ प्रतिदिन की भांति अपने घर के पास ही शिवरात्रि पोखरा शिव मंदिर पर टहलने के लिए गया था। जहां बालक अपनी बहनों के साथ मंदिर के पास खेल रहा था। पिता उमेश मिश्र मंदिर के पास ही किसी से बातचीत करने में मशगूल हो गए। इसी बीच खेलते समय बालक का पैर फिसल गया और वह तालाब में जा गिरा। गहरा पानी होने के कारण वह डूब गया। काफी देर बाद जब श्लोक कहीं दिखाई नहीं दिया तो पिता उमेश मंदिर सहित आसपास उसकी खोज करने लगा। तभी उसकी नजर पानी में उतराए बालक पर पड़ी। आनन-फानन बालक को निजी चिकित्सक को दिखाया गया, लेकिन तब चिकित्सक ने बालक को मृत घोषित कर दिया।