सुखपुरा थाना क्षेत्र के जीराबस्ती स्थित खादी आश्रम के पास मंगलवार की देर रात एक टेंपो नीलगाय से टकरा कर पलट गई। इस घटना में टेंपो में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
जिला मुख्यालय से बुधवार की देर शाम एक टेंपो सवारी बैठाकर सुखपुरा के लिए चली। टेंपो अभी जीराबस्ती स्थित खादी आश्रम के पास पहुंची थी। इसी बीच एक नीलगाय टेंपो के सामने आ गई। जिससे टेंपो असंतुलित होकर पटल गई। इस दौरान टेंपो में बैठे मनियर थाना क्षेत्र के चतर मलऊ निवासी चंद्रशेखर मद्धेशिया (22), सुखपुरा थाना क्षेत्र के सुखपुरा चट्टी निवासी कमलेश(23), सिकंदरपुर लीलकर निवासी अक्षय (40) और दिनेश (45) घायल हो गए।
इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर चौकी प्रभारी हनुमानगंज करूणेश सिंह सिपाहियों के साथ पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान चंद्रशेखर मद्धेशिया की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर टेंपो को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।