कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कला गांव में फर्जी जाति प्रमाणपत्र बनाकर विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के मामले में पूर्व ग्राम प्रधान समेत 17 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में तहसीलदार ने उक्त सभी को 30 जून तक अपना पक्ष प्रस्तुत करने का कहा है, अन्यथा अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मालूम हो कि विगत दिनों बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के रामपुर कला गांव के दर्जनभर से अधिक लोगों को फर्जी जाति प्रमाणपत्र निर्गत होने की शिकायत तहसीलदार बांसडीह हीरालाल के पास आयी थी। इस पर तहसीलदार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपने स्तर से जांच की, जिसमें कई साक्ष्य सहीं पाए गए।
तहसीलदार हीरालाल ने बताया कि रामपुर कला गांव में कुछ लोगों द्वारा फर्जी जाति प्रमाणपत्र बनाकर योजनाओं का लाभ लेने की शिकायत विगत दिनों मिली थी। इस मामले में पूर्व ग्राम प्रधान रामपुर कला राजेश दूबे, जन सेवा केंद्र जितवरा, सजंय राम लेखपाल क्षेत्र बरवा, रमेश पाठक लेखपाल क्षेत्र गोड़धप्पा सहित शारदा देवी, लाल बुचिया देवी, मीना देवी, राजवतिया देवी, रूपमणि देवी, शुभावती देवी, कांता देवी, मुनिया देवी, शैल कुमारी, रामदेइया, सीमा देवी, मीरा देवी, रमावती देवी, सुमन देवी, कुशमी देवी के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।
उक्त सभी लोगों को अपना पक्ष रखने के लिए 30 जून तक समय दिया गया है। निर्धारित समय तक अपना पक्ष नहीं रखने वाले लोगों पर अभिलेख के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।