ईंट पत्थर के दौरान बगीचे में बिखरा पड़ा ईंट पत्थर का टुकड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
होली के दिन फेफना थाना क्षेत्र के देवरिया कला (मंसूरपुर) गांव हुई मारपीट को लेकर रविवार को दो पक्ष फिर आमने सामने हो गए। दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। जिसमें करीब 18 लोग घायल हो गए। हरिजन बस्ती के युवकों ने पेंटिंग करने जा रहे गांव के दो युवकों को पौहारीपुर गांव के पास जमकर धुन दिया और उनकी बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। सूचना पर एएसपी विजय पाल सिंह, सीओ सदर मो. नसीम, फेफना एसओ विनीत मोहन पाठक हमराहियों संग मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं एक पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
बताया जाता है कि होली के दिन शाम को देवरिया कला निवासी कुम्हार बिरादरी के कुछ युवक देवरिया कला (मंसूरपुर) हरिजन बस्ती में अपने दोस्त के यहां होली मिलने गए थे। वहां से लौटते समय हरिजन बस्ती के नशे में धूत कुछ युवकों ने किसी बात को लेकर कुम्हार बिरादरी के एक युवक की धुनाई कर दी। घायल युवक ने घर पहुंच कर परिवारीजनों को घटना से अवगत कराया। शनिवार को वह हरिजन बस्ती में पूछने के लिए गए। जहां युवकों ने पथराव कर दिया। जिसके बाद इधर से भी ईट-पत्थर चलने लगे। इसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
रविवार की सुबह करीब नौ बजे देवरिया कला निवासी पेंटर राकेश वर्मा और आलोक वर्मा बाइक से कहीं पेंटिग करने जा रहे थे। इसी बीच हरिजन बस्ती के युवकों ने पौहारीपुर गांव के पास अपने कुछ साथियों संग उन्हें घेर लिया और पिटाई कर उन्हें लहुलूहान कर दिया। संाथ ही उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी।
दोनों युवक जान बचाकर गांव पहुंचे और आपबीती सुनाई। परिजन और ग्रामीण पूछताछ करने पहुुंचे तो बस्ती से पत्थरबाजी होने लगी। इतना ही नहीं युवक देवरियाकला गांव में भी पथराव करने लगे। जवाब में इधर से भी पथराव होने लगा। जिसमें करीब 18 लोग चोटिल हो गए। घंटाभर पत्थरबाजी होती रही। पुलिस के पहुंने पर मामला शांत हुआ। तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है। कई थानाध्यक्षों और सीओ सदर मो. नसीम के नेतृत्व में दोनों पक्षों के बुद्धजीवियों की बैठक कराई गई।