सहारनपुर। गांव मलायड़ से लापता युवक का शव गांव संसारपुर में आम के बाग में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। 28 फरवरी को युवक घर से दवाई लेने के लिए निकला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। शुरूआती जांच में सामने आया कि युवक ने आत्महत्या की है। थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव मलायड़ निवासी 28 वर्षीय राजू पुत्र सुमेर चंद 28 फरवरी को घर से दवाई लेने के लिए कलसिया गया था। युवक के घर ना लौटने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों और पुलिस ने राजू की काफी तलाश की। मगर, उसका कुछ पता नहीं चल पाया। रविवार की सुबह कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव संसारपुर में आम के बाग में ग्रामीणों ने युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक की शिनाख्त राजू के रूप में हुई। पुलिस को शव के नजदीक ही कीटनाशक पदार्थ पड़ा मिला। पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया कि युवक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के भाई ओम सिंह ने बताया कि राजू शादीशुदा था। उसके तीन बच्चे हैं। राजू ने आत्महत्या क्यों की है ? इस बारे में वह कुछ नहीं कह सकते हैं।