चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर रेलवे क्रासिंग पर गेटमैन को बाइक सवार युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं गेटमैन के तहरीर पर जीआरपी व गड़वार थाने में दो नामजद व एक अज्ञात के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन में जुट गई।
बताया जाता है कि क्षेत्र के चिलकहर रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार की रात नशे में धुत बाइक पर सवार तीन युवक गेट खोलने के लिए गेटमैन पर दबाव देने लगे। जब गेटमैन ने गेट नहीं खोला तो वे गाली-गलौज करते हुए गेटमैन की जमकर पिटाई कर दी। जिससे गेटमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल चिकित्सक ने रेफर कर दिया। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल गेटमैन महेश कुमार निवासी मिल्की थाना परस विद्या, जिला जहानागंज बिहार के तहरीर पर जीआरपी व गड़वार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। उधर, गड़वार पुलिस क्षेत्र के हजौली निवासी संदीप कुमार सिंह पुत्र जंग बहादुर सिंह, टुनटुन सिंह पुत्र रमापति सिंह एवं एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया। पुलिस ने संदीप एवं टुनटुन को गिरफ्तार कर लिया है।