बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस को पकड़ने के प्रयास में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के डेढ़ घंटे बाद तक 108 एंबुलेंस के नहीं पहुंचने के कारण घायल युवक को ठेले पर लादकर स्वास्थ्य कें द्र पहुंचाया गया।
दोकटी थाना क्षेत्र के सेमरिया निवासी जीतू तिवारी (23) पुत्र जनार्दन तिवारी बुधवार को सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने गया था। वह ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में सवार हो रहा था कि इसी दौरान ट्रेन से नीचे गिर गया। उसके पैर में काफी चोटें आई। परिजन व जीआरपी ने कई बार 108 नंबर एम्बुलेंस को बुलाने का प्रयास किया लेकिन डेढ़ घंटे बाद भी एंबुलेंस नहीं आई। घायल युवक को परिजन ठेले पर लादकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज करने के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।