अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत खरल के गल गांव में दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। सूचना के तहत पांच लोगों ने एक दंपती को बुरी तरह से पीट दिया। इसको लेकर दंपती ने किहार थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। मारपीट में घायल व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद एक्सरे करवाने के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहीं दूसरे पक्ष ने भी दंपती के खिलाफ मारपीट करने की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने दोनों पार्टियों की शिकायतें ले ली हैं। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर आईपीसी की धारा 341, 504, 506, 323 के तहत मामला दर्ज किया है।