मनियर। शुक्रवार की सुबह थाना क्षेत्र के बहदुरा गांव के चकरोड के किनारे सुखदेव राजभर के अरहर के खेत में करीब 28 वर्षीय एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। किसी ने मनियर थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त स्थानीय थाना क्षेत्र के पिलुई चौहान पुरवा निवासी धर्मेंद्र चौहान 28 पुत्र परमेश्वर चौहान के रूप में हुई ।
परमेश्वर चौहान की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है । परिजनों के अनुसार गुरुवार के दिन शाम करीब साढ़े चार बजे अपनी बाइक से धर्मेंदर घर से कह कर निकला कि किसी के यहां से 500 बकाया लेकर आ रहा हूं। किसी ने फोन करके बकाया रुपया देने के लिए बुलाया था। घर से जाने के बाद धर्मेंद्र देर रात तक वापस नहीं आया और उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा तो परिजन पुलिस को सूचना दिए । पुलिस भी रात में उसकी तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला । सुबह किसी ने देखा कि चकरोड पर उसकी बाइक 60एच 6758 स्प्लेण्डर प्लस खड़ी है तथा अरहर के खेत में उसका शव पड़ा है। उसके हाथ पैर अरहर के डंठल से बांधा गया है । गर्दन पर चोट के निशान है तथा मुंह और नाक से खून निकल रहा है । मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी विजय पाल सिंह व सीओ बैरिया अनिल कुमार ने मौका मुआयना किया।