बैरिया। दो दिनों पहले तिराहे पर हुई मारपीट व हवाई फायरिंग की घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से कुल 32 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में विधायक व उनके परिजन भी शामिल हैं। इसको लेकर पुलिस सतर्क है और बैरिया कस्बा व सोनबरसा गांव में एहतियातन पीएसी को भी तैनात कर दिया गया है।
बैरिया तिराहे पर हुई मारपीट व हवाई फायरिंग के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है और इसके पहले विवाद हो चुका है जिसमें मुकदमा भी दर्ज है। लेकिन इस बार हुए विवाद में सीधे तौर पर विधायक व उनके परिजनों का नाम सामने आने व उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। विधायक ने तो इसे दल के सांसदों के इशारे पर हुई साजिश भी बताया है। इसको लेकर पुलिस विभाग भी फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है। किसी भी स्थिति से निबटने के लिए बैरिया कस्बा व सोनबरसा गांव में पीएसी के साथ ही अन्य पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। उधर, दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कुल 32 आरोपियों में पुलिस केवल एक आरोपी को ही पकड़ सकी है। कयास लगाए जा रहे हैं पुलिस बल की तैनाती इसलिए भी की गई है ताकि दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा जा सके। इस घटना क्रम के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार जोर पकड़ने लगा है, लोग किसी अनहोनी की आशंका भी व्यक्त करने लगे हैं, संभावना जताई जा रही है कि इसी आशंका के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ने बैरिया में मातहतों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।