बलिया (मनियर)। थाना क्षेत्र के बस स्टैण्ड पर रविवार की सुबह किसी बात को लेकर कुछ युवकों में कहासुनी हो गई। मामला इतना तूल पकड़ा कि एक पक्ष के लड़के ने दूसरे पक्ष के लड़के को चाकू से वार कर दिया। जिसमें एक युवक घायल हो गया। इस दौरान बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान स्टैण्ड पर तैनात करीब आधा दर्जन होमगार्ड के जवान मूकदर्शक बने रहे। चाकू मारकर युवक चाकू लहराते हुए भाग गया। आसपास के लोगों ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया।
ग्रामीणों की माने तो कस्बा मनियर व गंगापुर के युवकों में किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। जिसको लेकर दोनों पक्षो में तनाव था। रविवार की दोपहर मनियर बस स्टैण्ड पर दोनों पक्षों के युवकों में कहासुनी होने के बाद मामला मारपीट में बदल गया। इसी बीच एक युवक अपने कमर से चाकू निकालकर एक युवक पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिसमें गंगापुर निवासी जितेन्द्र यादव 30 घायल हो गया। पीड़ित ने युवक के विरुद्ध मनियर थाने में तहरीर दिया। जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई।