हरिद्वार।
ज्वालापुर पुलिस के लिए सिरदर्द बना स्कूटी सवार झपटमार आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। झपटमार के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस की माने तो करीब तीन लाख के सामान की रिकवरी हुई है।
नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा ने कोतवाली ज्वालापुर में पत्रकारों को बताया कि पिछले दिनों मध्य हरिद्वार क्षेत्र में महिलाओं से सरेराह पर्स झपटने की कई घटनाएं हुई थी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेह के घेरे में आए स्कूटी सवार को शनिवार की देर शाम क्षेत्र के ऊंचा पुल से हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम आयुष राणा उर्फ राहुल पुत्र ऋषिपाल निवासी मोहल्ला शिवपुरी कनखल बताया। आरोपी ने कबूला कि उसने गोविंदपुरी प्रेमनगर आश्रम पुल के पास कई पर्स लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी आयुष की निशानदेही पर उसके घर से दो सोने के कंगन, दो सोने के टॉप्स, एक झुमकी, दो चांदी के बिछुए, 7500 रुपये, आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपी ने ज्वालापुर क्षेत्र के अलावा कनखल में भी कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत अपने घर पहुंचकर छिप जाता था। एसपी सिटी ने बताया कि पेशे से सीसीटीवी मैकेनिक आयुष राणा दिन ढलने के बाद अकेले ही वारदात को अंजाम देता था। कई वर्ष पूर्व रानीपुर पुलिस उसे मोबाइल फोन लूट के आरोप में जेल भेज चुकी है। इस दौरान कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, एसएसआई संजीव थपलियाल, एसआई नितेश शर्मा मौजूद रहे।
-----------------
ऐसे हत्थे चढ़ा झपटमार
हरिद्वार। दरअसल स्कूटी सवार झपटमार आयुष ने ज्वालापुर पुलिस की नाक में दम कर दिया था। वह गोविंदपुरी या प्रेमनगर आश्रम पुल के इर्द गिर्द एक के बाद एक वारदात को अंजाम दे रहा था। तीन दिन पूर्व भी उसने गोविंदपुरी में एक किशोरी के हाथ से पर्स छीना था। सीसीटीवी फुटैज से स्कूटी के तीन नंबर स्पष्ट दिखाई देने की एक लीड पुलिस को मिली। पुलिस ने उस स्कूटी के तीन नंबर के आधार पर अपनी एक्सरसाइज शुरू कर दी। इसी आधार पर वह पकड़ में आ गया।
------------
आरोपी की पत्नी शिक्षिका
हरिद्वार। झपटमार आयुष राणा भले ही संपन्न परिवार से ताल्लुक नहीं रखता है, लेकिन उसकी पत्नी पढ़ी लिखी है। वह प्राईवेट स्कूल की शिक्षिका है। पुलिस की माने तो पत्नी को उस पर एक संदेह भी हुआ था, लेकिन पति से ज्यादा सवाल जवाब नहीं कर पाई।