फेफना। थाना क्षेत्र के दरामपुर गांव निवासी भरत मिश्रा के छोटे पुत्र नित्यानंद मिश्रा (30) की मंगलवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की जद में आ गए। जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार को शव घर पहुंचने पर गांव में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, भरत मिश्रा के छोटे पुत्र नित्यानन्द को अभी चार माह पूर्व ही बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर चंदौली जनपद में नियुक्ति हुई थी। छुट्टी बिताकर मंगलवार को वापस चंदौली जा रहे थे। इसी दौरान बक्सर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जेब में मिले मोबाइल से गांव के एक मित्र के यहां फोन कर मौत की जानकारी। मौत की खबर सुन गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को शव पहुंचने की खबर सुन परिजनों को सांत्वना देने के लिए भीड़ उमड़ी रही। मृतक नित्यानंद की अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।