नगरा। थाना क्षेत्र के खपटही (मलप) गांव में शनिवार की रात पोखरी में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखरी से बाहर निकलवाया पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। अधेड़ का हाथ-पैर बंधा पाया गया। मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस तहरीर दी है।
नगरा थाना क्षेत्र के खपटही (मलप) निवासी गुलाबचंद चौहान (55) का नलकूप घर से कुछ दूर पर स्थित है। गुलाबचंद रात में वहीं सोते थे। शनिवार की रात मृतक का पुत्र मुन्ना नलकूप पर खाना लेकर गया तो वहां अपने पिता को न देखकर वापस घर लौट आया और परिजनों को नलकूप पर पिता के न होने की बात बताई। किसी अनहोनी की आशंका के कारण परिजन व पड़ोसी लोग गुलाबचंद को रात में ढूंढने निकल पड़े। ढूंढते-ढूंढते नलकूप से कुछ दूरी पर पोखरी पर पहुंचे, जहां देखा कि पोखरी में मरे पड़े है और रस्सी से उनका हाथ पैर बंधा हुआ है। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार चौधरी भी पहुंच गए। मृतक की पत्नी कौशल्या देवी के तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।