रसड़ा। कोतवाली क्षेत्र के प्रधानपुर अनुसूचित बस्ती में शनिवार को अगलगी में छह लोगों की नौ रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गई। घंटो मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड एवं ग्रामीण आग पर काबू पाते तब तक घरेलू उपभोग के सभी समान के साथ एक दर्जन मुर्गियां जलकर मर गई, वहीं दो भैंस, एक पड़िया भी बुरी तरह झुलस गई। एक मोटर साइकिल भी जल गई। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने पर मजबूर है।
प्रकाश पुत्र रामाशंकर की रिहायशी झोपड़ी से अचानक आग की लपटें उठनी लगी। अभी कोई कुछ समझ पाते कि तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसमें घर-गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। झोपड़ी में एक दर्जन मुर्गियां जलकर मर गईं। वहीं झोपड़ी में बंधी दो भैंस एवं एक पड़िया भी बुरी तरह झुलस गई। इतना ही नहीं आग ने बगल के अमरनाथ, उमेश कुमार, रामायन, अंजनी की झोपड़ियों को भी अपनी आगोश में ले लिया। जिसमें उसमें रखा घरेलू उपभोग का सारा सामान जलकर राख हो गया। जिसमें अमरनाथ की मोटर साइकिल एवं सात हजार रुपया के साथ साथ सब कुछ जलकर स्वाहा हो गया।