(बलिया) सुखपुरा। थाना क्षेत्र के बोड़िया पुल के पास असलहे से लैस बदमाशों ने शनिवार को एक व्यक्ति को मारपीट कर उसके पास मौजूद 62 हजार रुपये छिनकर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी और सुखपुरा थाने में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी गई।
मऊ जनपद के मधुबनी गांव निवासी उपेंद्र वर्मा शनिवार की रात सुखपुरा थाना क्षेत्र के देवकली गांव निवासी मौसा लक्ष्मण प्रसाद के यहां उधार लिया गया धन चुकाने आ रहे थे। जैसे ही सुखपुरा थाना क्षेत्र के बोड़िया पुल के पास पहुंचे कि पीछे से बाइक पर सवार तीन हथियार बंद बदमाश उपेंद्र के सामने आ गए। जिससे भयभीत होकर उपेंद्र ने बाइक रोक दी। बाइक रुकते ही बदमाश उपेंद्र की बाइक की चाबी और मोबाइल छिनकर फेंक दिए और मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद असलहे के बल पर 62 हजार रुपये उससे छीने लिया। पीड़ित तत्काल सुखपुरा थाना पहुंचकर घटना की सूचना देने के बाद तहरीर दी। इसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई। इस बाबत सीओ सिटी हितेंद्र कृष्ण ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है, कारण कि जिस स्थान पर घटना तहरीर में दर्शाया गया है वहां तरबूज बेचने वालों के साथ ही अन्य छोटी दुकानें भी है। जिन्होंने इस प्रकार की घटना से इंकार कर दिया है। बावजूद तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।