सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान हुए अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। गौरीशंकर गांव में ट्रक और डीजे (मैजिक) की हुई भिड़ंत में बबलू (21) घायल हो गया। वहीं कैथी गांव में अज्ञात वाहन के धक्के से निरंजन (24) खून से लथपथ हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने युवकों को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
रविवार की भोर करीब चार बजे राबर्ट्सगंज की तरफ से डीजे (मैजिक) शाहगंज की ओर जा रही थी। अभी गौरीशंकर के पास मैजिक पहुंची थी कि विपरित दिशा से आ रहे ट्रक ने मैजिक में टक्कर मार दिया। हादसे में मैजिक में सवार घोरावल कोतवाली क्षेत्र के धुरकरी गांव निवासी बबलू (21), अभिषेक (17) समेत चार घायल होकर मदद की गुहार लगाने लगे। काफी देर तक घायल तड़पड़ते रहे। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालने के साथ ही पुलिस और उनके घरवालों को सूचित किया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने बबलू को देखते ही मृत घोषित कर दिया। जबकि तीनों घायलों को भर्ती कर लिया। उधर कैथी गांव के समीप शनिवार की सांय करीब चार बजे अज्ञात वाहन के धक्के से कैथी गांव निवासी निरंजन गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। मृतकों के घरवाले जो तहरीर देंगे उसके आधार पर केस दर्ज होगा।