बांसडीह। दुस्साहस इतना कि पहले दो-दो दूकान आग के हवाले करता है। फिर पोस्टर चिपकाकर पुलिस को चुनौती भी देता है कि ‘दम है तो पकड़ के दिखा दो’! कुछ ऐसा ही सनसनीखेज मामला कोतवाली क्षेत्र के स्टेट बैंक रोड के पास से सामने आया है, जहां बीती रात शरारती तत्व द्वारा दो दूकानों को आग के हवाले कर दिया गया। साथ ही पकड़ने का चैलेंज देकर पुलिस को चुनौती भी दे डाली। मामला पूरे कस्बा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।
वार्ड नंबर पांच निवासी अजहर तथा सुनील गुप्त की क्रमश: गैस चूल्हा मरम्मत, मछली मारने के लिए जाल, बंशी की दूकान स्टेट बैंक रोड पर स्थित है। बीती रात किसी ने रंजिशवश दूकान को आग के हवाले कर दिया। जिससे दूकान का सामान जल गया। इसके बाद तत्वों ने बेखौफ दर्जनों जगह पोस्टर चस्पा कर खाकी वर्दी वालों को चुनौती दे डाली कि दम है तो पकड़ कर दिखा दो। इसके बाद पुलिस की कार्यशैली जहां सवालों के घेरे में है। वहीं लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त है। जबकि अन्य दूकानदार इसे लेकर दहशत में है। वहीं पुलिस इसी सिलसिले में एक आदमी को उठाकर थाने में बैठाया भी और पूछताछ जारी है। इस सिलसिले में जब कोतवाल संजय त्रिपाठी ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।