बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के बलिया-बक्सर मोड़ पर शनिवार की शाम पिता के सामने ही सड़क पार कर रहे एक बालक को डीसीएम ने रौंद दिया। चीख-पुकार सुन आसपास के लोगों ने घायल बालक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
नरहीं थाना क्षेत्र के कोटअंजोरपुर निवासी जयराम अपने पुत्र अजय (10) को सायकल पर बैठाकर अपने किसी रिश्तेदार के यहां चितबड़ागाव गांव आ रहा था। इसबीच चितबड़ागांव मोड़ पर बालक साइकिल से उतरकर सड़क पार कर ही रहा था कि अचानक बक्सर की तरफ से आ रहा डीसीएम वाहन ने उसे रौंद दिया। जिससे अजय बुरी तरह लहूलुहान हो गया। जिला अस्पताल ले जाने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान पिता जयराम का रोते-रोते बुरा हाल था। अपनी आंखों के सामने अपने कलेजे की जान जाते देख कभी बदहवास हो जा रहे थे तो कभी बेसुध।