बलिया। मुंबई में एक सप्ताह पूर्व महिला की हत्या कर लूटे गये सोने-चांदी के आभूषणों को आरोपियों ने जिले के कई दुकानों पर बेचा हैं। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच की टीम लूट के जेवरात खरीदने वाले दुकानदारों की तलाश कर रही है। मुंबई क्राइम ब्रांच टीम ने बुधवार को शहर के लक्ष्मी मार्केट से एक आभूषण कारोबारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जबकि मंगलवार को क्राइम बांच की टीम ने महिला समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है।
बता दें कि मुंबई के भयंदर थाना क्षेत्र के भोला नगर झोपड़पट्टी निवासी सुमन की 21 जुलाई को हत्या कर उसके घर में मौजूद आभूषण, नगदी व अन्य सामानों को अभियुक्तों ने लूट लिया था। मुंबई क्रांइम ब्रांच टीम ने मंगलवार को हत्या कर लूट को अंजाम देने वाले बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के पकहां गलाफपुर निवासी सोनू चौहान, उसी गांव मुन्नी पत्नी लाला वर्मा तथा सहतवार थाना क्षेत्र के कुसौरी कलां निवासी सुधीर चौहान को लूट के कुछ सामान समेत गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने सुमन की हत्या के बाद लूटे गये सोने-चांदी के गहनों को लक्ष्मी मार्केट के दुकानदारों के यहां बेचा हैं। इस आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार को एक दुकानदार को हिरासत में ले लिया। वहीं कुछ अन्य दुकानदार की भी तलाश जारी है।