2017 में उप्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेसजनों में जीत का मंत्र फूंकने के लिए पीके यानी प्रशांत किशोर की टीम पिछले दो दिनों से जिले में मौजूद है। तीन सदस्यीय टीम ने जिले के सभी विधानसभाओं का दौरा किया और यहां की स्थिति जानने का प्रयास किया।
यह दौरा पूर्ण रूप से गोपनीय रहा। इसी क्रम में टीम ने कांग्रेस भवन के सभागार में जिलाध्यक्ष सचिदानंद तिवारी की अध्यक्षता में कई दौर की मैराथन बैठकें कीं और जिले के कांगेसजनों की नब्ज टटोली।
वाराणसी से मंगलवार को जिले में आई प्रशांत किशोर की टीम ने छह घंटे तक जिला कार्यकारिणी और पीसीसी तथा एआईसीसी सदस्यों से विचार-विमर्श किया। इसके बाद टीम ने सदर विधानसभा, फेफना, बांसडीह, सिकंदरपुर, सीयर होते हुए आजमगढ़ में रात्रि प्रवास किया।
बुधवार को आजमगढ़ से सीधे सिकंदरपुर, मनियर होते हुए बांसडीह विधानसभा, बैरिया विधानसभा होते हुए कांग्रेस भवन के सभागार में सभी ब्लाक अध्यक्षों फ्रंटल संगठनोँ के अध्यक्षों पूर्व मंत्री तथा वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ गहन वार्ता की। दो दिनों तक गहन विचार-विमर्श और बैठकों से कांग्रेसियों में उत्साह का संचार हुआ।
इस मौके पर बच्चा पाठक, कमलेश सिंह, डॉ. विजयानंद पांडेय, पूर्व अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, शशिकांत चतुर्वेदी, शीला मिश्र, विजय मिश्र, पूनम पांडेय, रंजीव श्रीवास्तव, विनोद सिंह, रामधनी सिंह, जैनेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।